Ticker

12/recent/ticker-posts

‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता में राशि राठौर रहीं अव्वल

‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता में राशि राठौर रहीं अव्वल



बदायूं। सेवा संकल्प अभियान के तहत गिंदो देवी महिला महाविद्यालय, बदायूं में छात्राओं के बीच राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और विकसित भारत की संकल्पना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी लेखनी से देश के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर प्रस्तुत की।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता, तकनीकी प्रगति और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार प्रमुखता से रखे। गहन मूल्यांकन के बाद राशि राठौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि निशा दिवाकर द्वितीय और नैना तृतीय स्थान पर रहीं। विजयी छात्राओं को उनके उत्कृष्ट लेखन और विचारों के लिए बधाई देकर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. इंदु शर्मा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच, ऊर्जा और सक्रिय सहभागिता ही विकसित व समृद्ध भारत के निर्माण का मुख्य आधार है। ऐसे रचनात्मक आयोजन छात्राओं में बौद्धिक और वैचारिक क्षमता का विकास करते हैं।
पूरे कार्यक्रम का सफल आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति वर्मा के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। उन्होंने छात्राओं को सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों से परिचित कराते हुए रचनात्मक गतिविधियों के जरिए राष्ट्र सेवा में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।