बदायूं : शासन की लगी मुहर, दहगवां को मिला आदर्श नगर पंचायत का दर्जा
बदायूँ । सहसवान विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नगर पंचायत दहगवां को शासन ने आदर्श नगर पंचायत घोषित किया है। आदर्श नगर पंचायत में मूलभूत सुविधाएं बढ़ेंगी। 3 से 4 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट मिलेगा। जिससे नगर की सड़कें, पार्क, यात्रीशेड, पथ प्रकाश आदि की व्यवस्था दुरुस्त होगी। इसके अलावा अन्य सुविधाओं में भी इजाफ हो गया। सदर विधायक ने इसके लिए शासन तक प्रयास किए थे।
नगर पंचायत दहगवां की आबादी लगभग 20 हजार है। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता का पैतृक गांव दहगवां है। जब वह नगर विकास मंत्री थे तो उनके प्रयास से दहगवां को नगर पंचायत का दर्जा मिला था। पूर्व प्रधान मयंक गुप्ता ने दहगवां के विकास के लिए उस दौरान उन्हें आदर्श नगर पंचायत बनवाने संबंधी पत्र दिया था। जिसकी एक प्रति जिलाधिकारी को भी दी गई थी। जिसके बाद सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने पंचायत का आदर्श नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए 17 मई 2025 को नगर विकास मंत्रालय के अलावा शासन को स्थिति से अवगत कराया था।
आबादी और सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए आदर्श नगर पंचायत घोषित करने की मांग की थी। उनके प्रयास रंग लाए। शासन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के अंतर्गत दहगवां को भी आदर्श नगर पंचायत का दर्जा दिया है। सदर विधायक ने बताया कि अब दहगवां में नागरिक सुविधाएं बढ़ाने के लिए शासन से जल्द ही अतिरिक्त बजट मिलेगा। उस धनराशि से नगर का सौंदर्यीकरण होगा। नीट-एंड क्लीन बनाने को मुख्य मार्ग पर फुटपाथ भी बनेगा। साथ ही जिन मोहल्लों में पक्की सड़कें नहीं हैं, उनका निर्माण कराया जाएगा। रात के समय नगर में अंधेरा न रहे इसके लिए पथप्रकाश व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा।
बुनियादी ढांचे का विकास
सड़कों का निर्माण और सुधार, स्वच्छ जल की पाइप लाइन आपूर्ति, सीवरेज और जल निकासी की व्यवस्था।
सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण
सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण और निजी शौचालयों को बढ़ावा देना।
पर्यावरण सुधार
तालाबों और अन्य जल संग्रहण क्षेत्रों का संरक्षण, संचयन और सौंदर्यीकरण।
ऊर्जा और प्रकाश व्यवस्था
मार्ग प्रकाश की व्यवस्था सोलर या एलईडी लाइटों के माध्यम से की जाती है।
नगरीय सुधार
नागरिक सुविधाओं और शहरी स्वच्छता को बढ़ावा देने वाले अन्य कार्य।
Follow us