सर्राफा व्यापारी से साढ़े तीन लाख रुपए की नकदी सहित साढ़े सात लाख की लूट

Notification

×

सर्राफा व्यापारी से साढ़े तीन लाख रुपए की नकदी सहित साढ़े सात लाख की लूट

26/03/2025 | Wednesday, March 26, 2025 Last Updated 2025-03-26T02:33:29Z
    Share

सर्राफा व्यापारी से साढ़े तीन लाख रुपए की नकदी सहित साढ़े सात लाख की लूट 

बदायूं। सहसवान में दुकान बंद कर 10 साल के बेटे के साथ घर लौट रहे सर्राफा व्यापारी से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर साढ़े तीन लाख रुपए की नकदी सहित साढ़े सात लाख रुपए का सोना-चांदी लूट ले गये। लूट की सूचना पर कोतवाली पुलिस सहित अफसर पहुंचे और पीड़ित व्यापारी से पूछताछ की। पुलिस बदमाशों की धरपकड़ को चार टीमें गठित कर जांच कर रही है।

सहसवान के सैफुल्लागंज के रहने वाले चंदन माहेश्वरी सर्राफा व्यापारी हैं। उनकी मुख्य बाजार में दुकान है। सोमवार की शाम चंदन 10 साल के बेटे सिद्धांत के साथ दुकान बंद करके स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सैफुल्लागंज के पास पहुंचे तो उन्होंने स्कूटी धीमी की। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा दिखाकर उनसे साढ़े तीन लाख रुपये से भरा बैग, 20 ग्राम सोना और दो किलो चांदी लूटकर फरार हो गए। लूट की जानकारी चंदन माहेश्वरी ने तत्काल सहसवान कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की पड़ताल कर रही थी, लेकिन तब तक बाइक सवार बदमाश मौका पाकर फरार हो चुके थे।

लूट की जानकारी मिलते ही एसएसपी व एसपी देहात मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारी से बातचीत कर लूट की घटना की जानकारी ली और सहसवान पुलिस को जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए। 


रेकी कर की सर्राफा व्यापारी से लूट

 सर्राफा व्यापारी चंदन माहेश्वरी के साथ हुई लूट की वारदात कोई अचानक की गई घटना नहीं थी,बदमाशों ने रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों को पता था कि चंदन रोजाना इसी रास्ते से गुजरते हैं, जहां नाला निर्माण के चलते सड़क खराब है। जैसे ही उन्होंने स्कूटी धीमी की वैसे ही बाइक सवार लुटेरों ने घटना को अंजाम दिया।

सर्राफा व्यापारी चंदन माहेश्वरी के साथ हुई लूट की वारदात के बाद व्यापारियों में दहशत है। खासकर यह घटना उसी जगह हुई है जहां पहले भी लूट की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे व्यापारियों की चिंता और बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि बदमाशों ने पूरी योजना बनाकर इसे लूट की घटना को अंजाम दिया है। व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए। साल 2015 में सर्राफा व्यापारी अनुज माहेश्वरी के साथ लूट और फायरिंग की घटना हुई थी। इसके बाद 2018 में व्यापारी मोहनलाल यादव को भी बदमाशों ने लूट लिया था। अब 2025 में फिर से उसी जगह लूट की वारदात हुई, जिससे साफ है कि बदमाशों को पुलिस का कोई डर नहीं है। व्यापारियों का आरोप है कि अगर पुलिस ने पिछली घटनाओं से सबक लिया होता तो इस बार बदमाश वारदात को अंजाम नहीं दे पाते।

एसएसपी डॉ. बृजेश सिंह ने बताया

घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है, जिसमें एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली सहसवान की टीम शामिल है। जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

close