सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं 25 शिकायतें, तीन का मौके पर निस्तारण
दिसौलीगंज में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायत पर एसडीएम ने दिए सख्त निर्देश
राजस्व टीम अगले कार्यदिवस में मौके पर पहुंचकर हटाएगी अवैध कब्जे
बदायूं। बिसौली, शनिवार को तहसील परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी बदायूं की अध्यक्षता में प्रस्तावित कार्यक्रम में शिक्षक दिवस से संबंधित अन्य कार्यक्रम में व्यस्तता के चलते उपजिलाधिकारी बिसौली प्रियंका गोयल ने अधिकारियों की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 25 शिकायतकर्ता अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।समाधान दिवस में तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, तहसीलदार-मौ हारिस, सीओ अंशुमन श्रीवास्तव, सीएमओ विकास शर्मा, सीवीओ पीएस कोली, वजीरगंज बीडीओ शैली गोबिल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित विभागों को निर्धारित समय में निष्पक्षता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए।ग्राम दिसौलीगंज में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों की शिकायत भी समाधान दिवस में पहुंची। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम प्रियंका गोयल ने राजस्व टीम को सख्त निर्देश दिए कि अगले कार्यदिवस में गांव पहुंचकर सरकारी भूमि की जांच की जाए और यदि अवैध कब्जे पाए जाएं तो उन्हें तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए।बताया गया कि दिसौलीगंज में अवैध कब्जों की समस्या को लेकर गांव की शिकायतकर्ता स्वर्गीय बदन सिंह की पुत्रवधू प्रेमवती ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के बाद प्रशासन ने राजस्व अधिकारियों को मौके पर भेजकर कार्रवाई कराने का निर्णय लिया है। माना जा रहा है कि सोमवार को राजस्व टीम गांव पहुंचकर सरकारी भूमि का निरीक्षण करेगी और अवैध कब्जों के संबंध में कार्रवाई शुरू करेगी।

Follow us