135 में से 135 अंक हासिल कर पहली रैंक, 15 थानों ने भी प्रदेश स्तर पर पाया प्रथम स्थान
बदायूं। जनशिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण के मामले में बदायूं पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के अगस्त माह के मूल्यांकन में बदायूं पुलिस ने 135 में से 135 अंक प्राप्त कर प्रदेश के सभी 75 जिलों में पहला स्थान प्राप्त किया।
मूल्यांकन में संदर्भों की मार्किंग एवं अग्रसारण, डिफॉल्टर संदर्भ, संतुष्ट फीडबैक, उच्चाधिकारी एवं मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा श्रेणीकरण, रैंडम श्रेणीकरण, अधिकारियों की कार्रवाई, जनता दर्शन फीडिंग, प्रोफाइल अपडेट और फील्ड विजिट रिपोर्ट समेत सभी मानकों पर पुलिस को पूरे अंक मिले। खास बात यह रही कि कोई भी संदर्भ डिफॉल्टर नहीं हुआ।
एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले के 22 थानों में से 15 थानों ने भी आईजीआरएस मूल्यांकन में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह उपलब्धि शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता, जवाबदेही और प्रभावी कार्यप्रणाली का परिणाम है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर एसएसपी ने नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक अशोक कुमार काम्बोज और आईजीआरएस यूनिट के सभी अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने जनशिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देते हुए आगे भी इसी तरह कार्य जारी रखने पर जोर दिया।
Follow us