जमीन विवाद में हुई हत्या की घटना का सफल खुलासा : वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक, कारतूस और बाइक बरामद
बदायूं। वजीरगंज थाना पुलिस ने जमीन विवाद में हुई हत्या की घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी 12 बोर की दोनाली बंदूक, पांच जिंदा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गरुईया निवासी राय सिंह ने थाना वजीरगंज में तहरीर देकर बताया था कि 17 जून की शाम उनके पिता दिलीप सिंह यादव अपने पुत्र राजेश के साथ ग्राम बनकोटा में पंचर टायर ठीक कराने गए थे। वापस लौटते समय गांव के ही ज्ञान सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर दिलीप सिंह की हत्या कर दी। वादी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसकी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को गंगा एक्सप्रेस-वे के पास ग्राम मेहरा की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपी ज्ञान सिंह पुत्र टीकाराम निवासी ग्राम गरुईया, थाना कुवरगांव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी दोनाली बंदूक, पांच जिंदा कारतूस तथा काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार एवं थाना वजीरगंज पुलिस टीम शामिल रही।
Follow us