Ticker

6/recent/ticker-posts

नवागत थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने ग्राम प्रधानों संग की बैठक, अपराध नियंत्रण में सहयोग की अपील

नवागत थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने ग्राम प्रधानों संग की बैठक, अपराध नियंत्रण में सहयोग की अपील

इस्लामनगर। थाना इस्लामनगर के नवागत थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने रविवार को थाना परिसर में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, पूर्व प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, वार्ड सभासदों, सम्भ्रान्त व्यक्तियों एवं धर्मगुरुओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा आपसी समन्वय से अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधान गांव और प्रशासन के बीच सेतु होते हैं। यदि गांव स्तर पर होने वाली संदिग्ध, अवैध अथवा आपराधिक गतिविधियों की सूचना समय रहते पुलिस को दी जाए तो अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने प्रधानों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में सतर्क रहकर पुलिस का सहयोग करें।
थानाध्यक्ष ने विशेष रूप से जुआ-सट्टा, अवैध शराब, नशे के कारोबार एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज को खोखला कर रहे हैं और युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहे हैं।  उन्होंने यह भी कहा कि समाज के जिम्मेदार लोगों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस के सामूहिक प्रयास के बिना अपराध मुक्त समाज की कल्पना संभव नहीं है। पुलिस हर समय जनता के साथ है और उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक के दौरान उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से थानाध्यक्ष को अवगत कराया और सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, सभासद, बीडीसी सदस्य, धर्मगुरु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।