संभल में बनी सत्यव्रत पुलिस चौकी का उद्घाटन आजः 100 दिन में बनकर तैयार हुई, दीवार पर लिखा गया महाभारत का श्लोक
संभल में बनी सत्यव्रत पुलिस चौकी का उद्घाटन रामनवमी पर हो रहा है। 28 दिसंबर को पुलिस चौकी का निर्माण शुरू हुआ था। पूरे 100 दिन बाद चौकी का उद्घाटन हो रहा है। उद्घाटन में डीएम-एसपी समेत पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। इसी चौकी से जिले का पुलिस कंट्रोल रूम संचालित होगा।
उद्घाटन के मौके पर चौकी को फूलों और लाइटों से सजाया है। हवन-पूजन के बाद चौकी में काम शुरू किया जाएगा। चौकी का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। पुलिस चौकी में अंदर जाते ही सामने की दीवार पर महाभारत का श्लोक लिखवाया गया है। सत्यव्रत पुलिस चौकी में महाभारत के रथ की आकृति मुख्य गेट के सामने तैयार कराई गई है।
आकृति राजस्थानी राजमहल पत्थर से तैयार हुई है।
जानिए क्यों हुआ सत्यव्रत का निर्माण-
• संभल की चंदौसी स्थित कोर्ट में 19 नवंबर को हिंदू पक्ष ने दावा किया कि संभल की शाही जामा मस्जिद हरिहर मंदिर है। कोर्ट से सर्वे का आदेश हुआ। पहला सर्वे 19 नवंबर को हुआ। वहीं दूसरा सर्वे 24 नवंबर की सुबह हुआ।
• 24 नवंबर को सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई। चार लोगों की मौत हो गई। एसपी-सीओ सहित 29 पुलिसकर्मी घायल हुए।
• जिसके बाद जामा मस्जिद क्षेत्र के पास पुलिस चौकी बनवाने की जरूरत महसूस हुई।
• 27 दिसंबर को मिश्रित आबादी के बीच पुलिस चौकी बनाने के लिए 300 वर्ग मीटर एरिया की नापतोल की गई।
• 28 दिसंबर 2024 को भूमि पूजन के साथ पुलिस चौकी का निर्माण कार्य शुरू हो गया। 6 अप्रैल 2025 को 100 दिन निर्माण कार्य को पूरे हो जाएंगे।
व्यवस्थाओं से लैस है सत्यव्रत
• चौकी में फोर्स को रोकने के लिए बड़े कमरे और हॉल को तैयार किया गया है। पब्लिक संदेश के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया गया है। पुलिस कनेक्टिविटी के लिए दूसरी मंजिल पर सेटेलाइट टावर लगाया गया है।
• ग्राउंड फ्लोर से लेकर दूसरी मंजिल तक ग्रेनाइट पत्थर और टाइल्स लगाए गए हैं।
• संभल शहर का पुराना नाम सत्यव्रत था। इसी वजह से चौकी का नाम सत्यव्रत रखा गया।
• पुलिस चौकी के मुख्य द्वार पर संविधान के मुख्य पृष्ठ पर बनी तस्वीर की पेंटिंग की गई है।
• सत्यव्रत पुलिस चौकी में महाभारत के रथ की आकृति मुख्य गेट के सामने तैयार कराई गई है। आकृति राजस्थानी राजमहल पत्थर से तैयार हुई है।
• कारीगर को भी राजस्थान से बुलाया गया था। इस आकृति में गीता के चौथे अध्याय से लिया गया भगवान श्रीकृष्ण का प्रसिद्ध श्लोक भी लिखा गया है।
10 दिन में बनी पूरी पेंटिंग
पेंटिंग बनाने वाले अनुज रस्तोगी ने बताया, इस पेंटिंग को बनाने में करीब 2 महीने लगते हैं। लेकिन एसपी के आर्डर पर हमने एक्स्ट्रा लेबर लगाकर इस कार्य को 10 दिन में पूरा किया है। हमें इसे दीवार पर बनाने में 4 दिन का समय लगा है।
पेंटिंग में जो कलर लगा है, उस पर धूप और पानी का कोई असर नहीं होगा। यह सालों-साल तक ऐसे ही चलता रहेगा। इसमें जो तस्वीर है, वह महाभारत से ली गई है। हमारे भारत के संविधान के मुख्य पृष्ठ पर यह तस्वीर है। इस पर जो श्लोक लिखा है, उसका मतलब है- जब-जब धर्म की हानि होगी मैं पृथ्वी पर पुनः अवतार लूंगा, धर्म की स्थापना के लिए।
Follow us