Budaun: कमिश्नर और डीएम ने बाढ़ प्रभावित गांवों का किया दौरा, राहत कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
अधिकारियों ने बोट से बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया. ग्रामीणों से बातचीत कर मदद का आश्वासन दिया.
बदायूं : गंगा नदी इन दिनों उफान पर है. बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं. गुरुवार को मंडलायुक्त शंभू कुमार ने जिलाधिकारी अवनीश राय सहित अन्य अधिकारियों के साथ बोट से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. उन्होंने उसहैत के भुंडी तटबंध से दौरा शुरू कर रैपुरा गांव तक के हालात देखे. ग्रामीणों और अधिकारियों को राहत बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए.
अधिकारियों ने गांव जटा का दौरा किया और ग्रामीणों से संवाद कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया. वहीं उन्होंने पूछा कि राहत सामग्री कितनी बार मिल चुकी जिसपर ग्रामीणों ने बताया दो बार राहत सामग्री मिल गई है. कमिश्नर और जिलाधिकारी ने कटान से खतरे में रैपुरा व कदम नगला का हाल भी जाना. जिलाधिकारी ने बाढ़ विभाग के अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि तत्काल यहां पर बचाव कार्य और तेज कराना शुरू करें.
अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांग पर यह भी आश्वासन दिया कि स्थायी समाधान का रास्ता भी निकाला जाएगा. गंगा के कटान से कदम नगला का जूनियर हाईस्कूल तथा आधा दर्जन से ज्यादा घर गंगा में समा चुके हैं. कुछ ग्रामीणों ने अपने घर तोड़ दिए. सामान निकाल कर सड़क पर झोपड़ी, पन्नी तान कर रह रहे हैं. कुछ नजदीक गांव के लोग स्कूल में शरण लिए हैं.
वहीं अब रैपुरा पर भी कटान तेज हो गया है. गांव लगभग 15 मीटर गंगा से दूर बचा है, दूसरी तरफ पथरामई ब भुडीं पर भी कटान तेज चल रहा है, इन स्थानों पर भी एडीएम महेंद्र श्रीवास्तव एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने बाढ़ खंड एवं राजस्व टीम के साथ स्थित देखी. एडीएम महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप बाढ़ प्रभावित गांवों में पशु टीकाकरण, स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव के लोगों की हर संभव मदद की जा रही है.
राहत सामग्री बांटी गई है, कटान रोकने को बाढ़ विभाग लगातार कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के घर कट गये हैं उनको जमीन और आवास देने का काम किया जाएगा. सरकार हर हाल में बाढ़ पीड़ित के साथ है. गंगा क्षेत्र में भुंडी गांव पर कमिश्नर बरेली शंभू कुमार पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से भी बातचीत की. ग्रामीणों ने स्थाई समाधान करने की मांग की है.
कमिश्नर शंभू कुमार ने डीएम और बाढ़ खंड के एक्सईएन उमेश चन्द्र से जानकारी कर बताया कि बरसात के बाद प्रोजेक्ट शासन को भेजा जाएगा और उचित समाधान किया जाएगा. उन्होंने कहा सरकार की मंशा के अनुरूप बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को रहने, खाने का प्रबंध सुनिश्चित किया जा रहा है. जिले में लगभग 5000 राहत पैकेट वितरित किए जा चुके हैं. किसी बाढ़ पीड़ित को असुविधा नहीं होगी.
Follow us