एक्सप्रेसवे हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत
। 23 श्रद्धालु घायल, डीएम-एसएसपी ने मृतकों के परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
बदायूं। राजस्थान के गोगामेड़ी बागड़ धाम से बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप 6/7 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव के पास हादसे का शिकार हो गई। बताया गया कि पिकअप में कैंटर की साइड लगने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 श्रद्धालु और कैंटर चालक घायल हुए हैं। बागपत पुलिस ने घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया और गंभीर घायलों को आवश्यकता के अनुसार रेफर किया। हादसे के संबंध में थाना बागपत पुलिस की ओर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा मृतकों के घर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अधिकारियों ने परिजनों को हरसंभव सहायता और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार तथा पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देश दिए गए।

Follow us