Ticker

6/recent/ticker-posts

Budaun: अधिक से अधिक पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों की सुविधाओं का रखें ध्यान-प्रभारी मंत्री

अधिक से अधिक पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों की सुविधाओं का रखें ध्यान-प्रभारी मंत्री





बदायूं। श्रावण मास के अंतिम सप्ताह में कांवड़ियों पर जगह-जगह अधिक से अधिक पुष्पवर्षा कराने के साथ उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही अंतिम सप्ताह में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। यह निर्देश प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

प्रभारी मंत्री ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, टूटे तारों और खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री शहरी एवं ग्रामीण आवास योजना, पेयजल योजना, आयुष्मान भारत योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं और किसान सम्मान निधि सहित लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और किसी भी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लाभार्थियों से आर्थिक सहयोग की अपेक्षा न की जाए।

कांवड़ियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर प्रभारी मंत्री ने कछला से बदायूं तक कई स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित कराने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध हो सके। वहीं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त सहायता उपलब्ध कराने तथा दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित लोगों को शीघ्र सहायता मुहैया कराने के निर्देश भी दिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने किसानों के लिए पर्याप्त यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने समितियों की पीओएस मशीन में प्रदर्शित खाद के स्टॉक और गोदाम में मौजूद वास्तविक स्टॉक में अंतर का मुद्दा उठाते हुए मौके पर सत्यापन कराने की बात कही।

बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने लाभार्थीपरक योजनाओं में वितरित होने वाली धनराशि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वितरित कराने की बात कही। बैठक में सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, जितेन्द्र सिंह, शारदेंदू पाठक समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने प्रभारी मंत्री को चकबंदी कार्यों सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि सभी योजनाओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत पूरा कराया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कानून व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो रही है।

बैठक के बाद प्रभारी मंत्री, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बालाजी मंदिर के समीप कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें खाद्य सामग्री वितरित की। जनपद आगमन पर प्रभारी मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग विनीता नेगी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।