युवक पर लोहे की रॉड से हमला, हालत नाजुक, सिर में गंभीर चोट: पत्नी की तहरीर पर पुलिस कार्यवाही में जुटी
बदायूं। कोतवाली क्षेत्र में पथिक चौक के पास दावत रेस्टोरेंट के निकट बाइक सवार युवक पर दो लोगों द्वारा कथित रूप से लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। सिर में गंभीर चोट लगने से युवक मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है।गांव खेड़ा बुजुर्ग, थाना सिविल लाइंस निवासी शबनूर पत्नी सालिम ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे उनके पति सालिम जरूरी काम से पथिक चौक की ओर जा रहे थे। आरोप है कि दावत रेस्टोरेंट के पास पहले से मौजूद सुमित पुत्र बब्लू और ललित पुत्र तेजपाल निवासी मीरा जी की चौकी ने उनकी बाइक रोक ली और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।तहरीर के अनुसार विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने लोहे की रॉड से सालिम के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह अचेत होकर सड़क पर गिर गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे रवि, पिंकी समेत अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक सालिम को घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए।शबनूर के मुताबिक हमले में उनके पति के सिर और कान से काफी खून बहा तथा उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow us