
बदायूं। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में अंतर्राज्यीय डकैत गिरोह का मास्टरमाइंड जितेंद्र उर्फ ढालू (35) मारा गया। मास्टरमाइंड पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग चला रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना बदमाश से हो गया। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ ढालू गंभीर रूप से घायल हो गया।
मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश और दोनों पुलिसकर्मियों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आरोपी जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू मूल रूप से धौलाना (हापुड़) का रहने वाला था और वर्तमान में संभल के बनियाठेर इलाके में रह रहा था। वह हाल ही में इस्लामनगर क्षेत्र में हुई कई बड़ी डकैतियों का मुख्य आरोपी था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जितेंद्र पर बदायूं सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लूट, डकैती और जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे।
सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Follow us