तीन साल बेमिसाल : 50 करोड़ से कराए विकास कार्य
नगर पालिका परिषद बदायूं के तीन वर्ष पूर्ण होने पर नगर पालिका कार्यालय परिसर में उपलब्धि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद आदित्य यादव रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने की। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रज़ा ने तीन वर्षों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए शहर में कराए गए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा दिया।
सांसद आदित्य यादव ने कहा कि फात्मा रज़ा के नेतृत्व में बदायूं में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सफाई के क्षेत्र में हुए कार्यों से शहर का बुनियादी ढांचा मजबूत हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बदायूं के विकास को और गति मिलेगी। पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि नगर पालिका का कार्य सीधे आम जनता के दैनिक जीवन से जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ फात्मा रज़ा को अध्यक्ष चुना था, उन्होंने विकास कार्यों के माध्यम से उस विश्वास को और मजबूत किया है।
नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि उनके कार्यकाल में बिना किसी जाति, धर्म या क्षेत्रीय भेदभाव के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए गए। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में 189 सड़कें एवं गलियां, 33 नालों का निर्माण, 900 एलईडी स्ट्रीट लाइट, 6 मिनी नलकूप, 3 एमआरएफ सेंटर स्थापित किए गए। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 3 जेसीबी मशीनें, 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, 41 ई-रिक्शा, 5 टैंपो और 8 बड़े कूड़ेदान खरीदे गए। उन्होंने बताया कि पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए नई पाइपलाइनें बिछाई गईं, जरूरतमंद क्षेत्रों में पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए तथा आरओ प्लांट भी स्थापित किए गए। शहर की आधुनिक प्रकाश व्यवस्था के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर ऑक्टागोनल पोल के साथ एलईडी लाइटें लगाई गईं।
फात्मा रज़ा ने बताया कि इन सभी विकास कार्यों पर करीब 49 करोड़ 89 लाख 93 हजार रुपये खर्च किए गए। साथ ही नगर पालिका कर्मचारियों के 16 करोड़ 73 लाख 12 हजार रुपये के लंबित बकाया का भी भुगतान कराया गया।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक समरसता को प्राथमिकता देते हुए गुरुद्वारा, चर्च, जामा मस्जिद और छोटे सरकार की दरगाह तक जाने वाले मार्गों का निर्माण कराया गया। उनका दावा रहा कि तीन वर्षों में लगभग 50 प्रतिशत सड़कें हिंदू बाहुल्य क्षेत्रों और 50 प्रतिशत सड़कें मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में बनाई गईं तथा विकास कार्य पूरी तरह जनहित और आवश्यकता के आधार पर किए गए।
कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी व सभासद, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
Follow us