मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत निकाली जागरूकता रैली
बदायूं। शारदीय नवरात्र के अवसर पर सोमवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली पुलिस लाइन चौक, इंदिरा चौक, छःसड़का, नेहरू चौक और रोडवेज होते हुए वापस पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में एडीएम (ई) मानवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, एसडीएम बिसौली प्रियंका वैश्य, एसडीएम बिल्सी गौरव आर्य, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह और महिला थाना प्रभारी ज्योति सिंह सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
रैली के माध्यम से महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाने के लिए जनसहभागिता पर जोर दिया।
बदायूं पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है।


